
वैश्विक महामारी बन चुके कोरोना वायरस के खतरे के कारण देशभर में लॉकडाउन के तीन मई तक बढ़ने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के 13वें संस्करण को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। आईपीएल का आयोजन 29 मार्च से होना था लेकिन पहले लगाए गए लॉकडाउन के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने पहले आईपीएल को 15 अप्रैल तक स्थगित करने की घोषणा की थी। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मंगलवार को लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ाने के बाद बीसीसीई ने आईपीएल को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला किया है।
आईपीएल के मुख्य संचालन अधिकारी हेमांग अमीन ने सभी आठ फ्रेंचाइजी टीमों को बुधवार की सुबह इस फैसले की जानकारी दी। हेमांग ने फ्रेंचाइजी को बताया कि लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ने के कारण आईपीएल के फिलहाल होने की कोई संभावना नहीं है और इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जा रहा है। बीसीसीआई के पास एक विकल्प यह है कि यदि आईसीसी टी-20 विश्वकप (18 अक्टूबर से 15 नवंबर) को स्थगित करती है तो वह आईपीएल को अक्टूबर-नवंबर में करा सकता है।
बता दें कि देश में कोरोना वायरस के मामले 12 हजार के करीब पहुंच गए हैं। भारत में कोविड 19 मरीजों की संख्या 11933 हो गई है। केन्द्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के अनुसार संक्रमित मामले 10197 हैं जिनमें से 1344 मरीज ठीक हो चुके हैं। अब तक देश में 392 मरीजों की मौत के मामले सामने आ चुके हैं। वहीं दुनिया भर में कोरोना वायरस से संक्रमित लोगों की संख्या आधिकारिक रूप से 20 लाख पार कर गई है।