
देश में कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे के कारण लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ा दिया गया है। लॉकडाउन बढ़ने के कारण इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित कर दिया गया है। आईपीएल का आयोजन 29 मार्च से होना था लेकिन देश में पहले लगाए गए लॉकडाउन के कारण भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईपीएल को 15 अप्रैल तक स्थगित करने की घोषणा की थी।
वही, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा लॉकडाउन को तीन मई तक बढ़ाने के बाद बीसीसीई ने आईपीएल को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित करने का फैसला किया है। आईपीएल के मुख्य संचालन अधिकारी हेमांग अमीन ने सभी आठ फ्रेंचाइजी टीमों को बुधवार को इस फैसले की जानकारी दी। हेमांग ने फ्रेंचाइजी को बताया कि लॉकडाउन तीन मई तक बढ़ने के कारण आईपीएल के फिलहाल होने की कोई संभावना नहीं है और इसे अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जा रहा है।