
कोविड-19 वैश्विक महामारी के चलते इस समय पूरी दुनिया में खेल की लगभग सभी प्रतियोगिताएं या तो स्थगित कर दी गई हैं या उन्हें रद्द कर दिया गया है. खिलाड़ी अपने घरों में कैद होने को मजबूर हैं. भारत में 21 दिन का लॉकडाउन घोषित है. खिलाड़ियों को आउटडोर प्रैक्टिस नहीं मिल पा रही है. सभी अलग-अलग तरह से घर पर समय बिता रहे हैं. भारतीय टेस्ट टीम के उपकप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा कि कोरोनावायरस के कारण लॉकडाउन (बंद) में उनके लिए सबसे सकारात्मक चीज यह है कि वह अपनी बेटी आर्या को पूरा समय दे पा रहे हैं.
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने अपने आधिकारिक ट्विटर हैंडल से रहाणे का वीडियो संदेश पोस्ट किया जिसमें वह छह महीने की आर्या के साथ समय बिताने के साथ खाना बनाने में पत्नी राधिका की मदद करते हुए दिख रहे हैं.