Saturday, 11 April 2020

शिखर धवन ने बताया, कौन है फेवरेट बैटिंग पार्टनर और सबसे इंटरटेनिंग फ्रेंड


भारत में कोरोना वायरस की वजह से पीएम नरेंद्र मोदी ने 24 मार्च को 21 दिनों के लॉकडाउन की घोषणा की जिसके बाद से सभी क्रिकेटर अपने-अपने घरों में रह रहे हैं। आईपीएल समेत ज्यादातर खेल इवेंट रद्द या स्थगित होने की वजह से खिलाड़ी अपने परिवार वालों और सोशल मीडिया पर फैन्स के साथ समय बिता रहे हैं। टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज शिखर धवन लॉकडाउन के दौरान अपने फैन्स का पूरा ख्याल रख रहे हैं। वो कभी अपनी पत्नी के साथ मजेदार वीडियो शेयर करते हैं, तो कभी इंस्टाग्राम लाइव चैट के जरिए फैन्स से जुड़ते हैं। 'पूछो जो पूछना है' सेशन में शिखर धवन ने अपने बारे में कुछ मजेदार बातों का भी खुलासा किया। इसमें फैन्स द्वारा फेवरेट बैटिंग पार्टनर और सबसे इंटरटेनिंग फ्रेंड के बारे में पूछने का भी उन्होंने जवाब दिया।
एक फैन ने उनसे पूछा कि आपका फेवरेट बैटिंग पार्टनर कौन सा है। इसके जवाब में धवन ने भारतीय टीम के सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा का नाम लिया। धवन और रोहित काफी लंबे समय से लिमिटेड ओवर क्रिकेट में टीम के लिए सलामी जोड़ी की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। इस सलामी जोड़ी ने अब तक 107 एकदिवसीय पारियों में साथ बल्लेबाजी की है जिसमें शानदार बल्लेबाजी करते हुए 4802 रन बनाए हैं। साथ ही 14 अर्धशतकीय साझेदारी की हैं तो 16 शतकीय साझेदारी भी की हैं।
एक दूसरे फैन से उनसे उनका सबसे इंटरटेनिंग फ्रेंड के बारे में पूछा। इसके जवाब में शिखर धवन ने लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल का नाम लिया। चहल सिर्फ धवन के साथ ही नहीं बल्कि टीम इंडिया के दूसरे खिलाड़ियों के साथ अक्सर मस्ती करते दिखते रहते हैं। इसके अलावा चहल सोशल मीडिया पर भी एक्टिव रहते हैं और फैंस के लिए काफी मजेदार वीडियो शेयर करते रहते हैं। धवन की तरह चहल भी इन दिनों घर में फैमिली के साथ वक्त बिता रहे हैं।