Saturday, 11 April 2020

विराट के खिलाफ स्लेजिंग ना करने को लेकर पैट कमिंस ने क्लार्क पर किया पलटवार


पिछले कई दिनों से लगातार ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट में खलबली मची हुई है. कई खिलाड़ियों के बयान सुर्खियों में हैं. इसमें पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान माइकल क्लार्क (Michael Clarke) का विराट कोहली (Virat Kohli) पर दिया गया बयान लगातार चर्चा का विषय बना हुआ है. क्लार्क ने कहा था कि भारत के 2018 ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने विराट कोहली के खिलाफ स्लेजिंग इसलिए नहीं की क्योंकि उन्हें अपने IPL करार की चिंता थी. क्लार्क के इस बयान ने पिछले कई दिनों से खलबली मचाई हुई है, जिसपर पर उनकी ही टीम यानी ऑस्ट्रेलिया के गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) ने पलटवार किया है.
क्लार्क को कमिंस की खरी-खरी
ऑस्ट्रेलिया (Australia) के तेज गेंदबाज पैट कमिंस (Pat Cummins) भी इन दिनों सुर्खियों में हैं. वो हर मुद्दे पर अपनी राय दे रहे हैं. अब उन्होंने पूर्व कप्तान माइकल क्लार्क के दावों को खारिज करते हुए कहा कि 2018-19 में भारत के खिलाफ उनकी टीम ने कम आक्रामकता आईपीएल अनुबंध बचाने के लिए बल्कि प्रशंसकों का दिल जीतने के लिए अपनाई थी. बॉल टेंपरिंग विवाद के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम की भारत के खिलाफ सीरीज दूसरी ही टेस्ट सीरीज थी. इस विवाद में स्टीव स्मिथ और डेविड वार्नर को प्रतिबंध भी झेलना पड़ा था.
इसके अलावा पैट कमिंस ने कहा कि मुझे लगता है कि भारत के खिलाफ सीरीज से छह महीने पहले मीडिया और हर कोई ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम पर टिप्पणी कर रहा था. जिससे टीम आगे की दिशा के बारे में काफी स्पष्ट थी कि मैदान पर कम आक्रामकता दिखाई जाएगी. साथ ही कमिंस ने ये भी कहा कि उन्होंने क्लार्क के दावे को पूरी तरह खारिज नहीं किया कि कुछ खिलाड़ी IPL अनुबंध गंवाने के डर से भारतीय कप्तान विराट कोहली को दबाव में नहीं ला रहे थे. उन्होंने कहा कि मैं कहूंगा कि मैदान पर दोस्त बनाने या गंवाने की कोशिश करने की तुलना में ये बड़ी वजह हो सकती है.
देखिये फिक्र आपकी सोमवार से शुक्रवार टीवी 9 भारतवर्ष पर हर रात 9 बजे
क्लार्क के दावों को खारिज करने से पहले भी कमिंस अपने पिछले कई बयानों को लेकर चर्चा में थे. ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी पैट कमिंस आईपीएल के सबसे महंगे खिलाड़ी हैं. उन्हें कोलकाता नाईट राइडर्स ने 15.50 करोड़ में खरीदा था. केकआर ने पैट कमिंस पर भारी भरकम रकम खर्च की थी. लेकिन पैट कमिंस को आईपीएल के आयोजन की नहीं बल्कि टी-20 विश्व कप की चिंता सता रही है. उन्होंने कहा कि मैं लालची नहीं हूं अगर होता तो मुझे आईपीएल का आयोजन भी अच्छा लगेगा. कमिंस इससे पहले ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम की कप्तानी को लेकर अपनी दावेदारी पर भी अपना पक्ष साफ कर चुके हैं.
टिम पेन ने भी दिया था करारा जवाब
पैट कमिंस से पहले ऑस्ट्रेलिया टेस्ट टीम के कप्तान टिम पेन (Tim Paine) भी माइकल क्लार्क के दावों को खारिज कर चुके थे. उन्होंने कहा था कि मुझे नहीं पता कि कौन विराट कोहली के लिए आसानी से गेंदबाजी कर रहा था. हम निश्चित रूप से उन्हें उकसाकर किसी तरह की लड़ाई नहीं करना चाहते थे, क्योंकि हमें लगता था कि ऐसा करने से वह अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हैं. भारत को अक्टूबर 2020 से जनवरी 2021 तक ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है. इसमें चार टेस्ट, तीन वनडे और तीन टी-20 मैच की सीरीज खेलनी है.
टीम इंडिया ने 2018 में ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था. इस दौरे पर भारत ने विराट कोहली की कप्तानी में 2-1 से टेस्ट सीरीज जीतते हुए इतिहास रचा था. ऑस्ट्रेलिया को 2018 में साउथ अफ्रीका के खिलाफ गेंद से छेड़छाड़ के मामले में पूरे विश्व में आलोचना झेलनी पड़ी थी. इस विवाद के करीब 6 महीने बाद भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया का दौरा किया था. उस वक्त स्मिथ और वॉर्नर पर प्रतिबंध लगा हुआ था. टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया में टेस्ट सीरीज पहली बार अपने नाम की थी. इस दौरान विराट कोहली ने पर्थ टेस्ट में शतक भी जड़ा था. अब ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान को लगता है कि उनकी टीम के खिलाड़ियों ने अपने आईपीएल करार को बचाने के लिए विराट कोहली और टीम इंडिया के खिलाफ आक्रामक रुख अख्तियार नहीं किया और ना ही स्लेजिंग की. तो वहीं टिम पेन और पैट कमिंस ने क्लार्क के तमाम आरोपों का खारिज कर दिया.
देखिये परवाह देश की सोमवार से शुक्रवार टीवी 9 भारतवर्ष पर हर रात 10 बजे