
इन्दौर/दिल्ली . अनुभवी कप्तान नमन ओझा की 118 रनों की शतकीय पारी और यश दुबे के नाबाद 79 रनों की बदौलत मध्यप्रदेश ने रणजी ट्राफी एलीट ग्रुप बी मैच के तीसरे दिन अपनी दूसरी पारी में 86 ओवर में 5 विकेट पर 308 रन बनाकर रेलवे के खिलाफ 188 रन की बढत हांसिल की, जबकि उसके अभी 5 विकेट शेष है.
दिल्ली के करनैल सिंह स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में मध्य प्रदेश की 124 रनों की पहली पारी के जवाब में रेलवे ने पहली पारी में 244 रन बनाये थे, जिससे उसे 120 रनों की बढ़त मिली थी. सोमवार को मैच के तीसरे दिन म.प्र. ने अपनी दूसरी पारी 2 विकेट पर 47 रनों से आगे खेलना शुरू किया और लंच के पहले मध्य प्रदेश ने अजय रोहेरा (30) व गौतम रघुवंशी (26) के विकेट खो दिए, लंच तक 45 ओवर के खेल में म.प्र. 144 रनों पर कुल चार विकेट गवां चुका था, ऐसा लग रहा था कि टीम एक बार फिर सस्ते में सिमट जायेगी लेकिन अनुभवी कप्तान नमन ओझा ने एक छोर संभाले रखा और पॉंचवें विकेट के लिए वैंकटेश अय्यर के साथ 167 रनों की साझेदारी की, इस दौरान नमन ओझा ने अपने प्रथम श्रेणी कॅरियर का 22वॉं शतक भी पूरा किया.
हालांकि चायकाल के पहले 79वें ओवर की दूसरी गेंद पर शिवेन्द्र सिंह ने नमन ओझा को हिमांशु के हाथों पैवेलियन भेज दिया. नमन ने 204 गंदों में 12 चौकों व 1 छक्के की मदद से 118 रनों की शतकीय पारी खेली. 278 पर पॉंच विकेट खोने के बाद वैंकटेश अय्यर का साथ देने आए यश दुबे ने अपने कॅरियर की तीसरी अर्द्धशतकीय पारी खेलकर म.प्र. को 300 के पार पहुंचाया. दोनों ने तीसरे दिन खेल समाप्ति तक विकेट बचाए रखे और म.प्र. को 86 ओवर में 5 विकेट पर 308 रनों तक पहुंचाया. वैंकटेश 41 गंदों में 4 चौकों व 1 छक्के की मदद से 36 और यश दुबे 138 गेंदों में 9 चौकों की मदद से 79 रन बनाकर विकेट पर मौजूद थे. रेलवे के लिए अमित मिश्रा ने 2 विकेट लिए, जबकि प्रदीप, हर्ष त्यागी व शिवेन्द्र सिंह को 1-1 सफलता मिली.