लॉकडाउन के दौरान पुलिस राशन की कमी से परेशान लोगों की मदद कर रही है. इस बीच कुछ लोग घर में राशन होने के बावजूद पुलिस से सामान मंगवा रहे हैं. ऐसे मामले गाजियाबाद जिले के लोनी और मुरादनगर थान क्षेत्र में सामने आये हैं. पुलिस ने फोन करने वाले दोनों शख्स को नोटिस देकर आगे ऐसा नहीं करने की चेतावनी दी है.
पुलिस के अनुसार, लोनी और मुरादनगर से फोन पर मदद मांगने वालों के घर जब पीआरवी पहुंची तो पता चला है कि पुलिस और अन्य लोग पहले ही उनकी मदद कर चुके हैं. इसके बाद घर की चेकिंग की गई तो काफी राशन मिला. जब पुलिस ने सख्ती से पूछा तो दोनों परिवार ने बताया कि मुफ्त राशन के लिए उन्होंने फोन किया था. इसके वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हैं.
