Sunday, 5 January 2020

धोनी ने पोस्ट किया बेटी जीवा के बर्फ में गाने का वीडियो, देख चुके हैं लाखों लोग


महेंद्र सिंह धोनी इन दिनों अपने परिवार के साथ उत्तराखंड के मसूरी में छुट्टियां बिता रहे हैं. पत्नी साक्षी और बेटी जीवा भी उनके साथ हैं और वह मसूरी में बर्फबारी का पूरा मजा ले रहे हैं. रविवार को धोनी ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें उनकी बेटी जीवा गिटार बजा रही है और अंग्रेजी में गाना गा रही है. लोगों को यह वीडियो काफी पसंद आ रहा है. 1 घंटे के अंदर ही इस वीडियो को 9 लाख से ज्यादा लोगों ने देख लिया.
इससे पहले जीवा और धोनी का बर्फ से स्नोमैन बनाने का वीडियो भी काफी वायरल हुआ था जिसे लोगों ने काफी पसंद किया था. धोनी ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा- बर्फ देखते ही उसके अंदर की बेहतर चीज सामने आ जाती है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि जीवा कैसे गिटार बजा रही है और अंग्रेजी में कुछ गुनगुना रही है. उसे इस बात की जानकारी भी नहीं है कि फोन पर उसका गाना गाते हुए रिकॉर्डिंग हो रही है.

इससे पहले साक्षी धोनी ने अपने इंस्टा अकाउंट पर एक वीडियो पोस्ट किया था जिसमें धोनी अपनी बेटी जीवा के साथ मिलकर स्नोमैन बना रहे थे. साक्षी जीवा की तारीफ करते हुए कहती है कि जीवा तुमने कमाल कर दिया. बता दें कि महेंद्र सिंह धोनी पिछले काफी समय से क्रिकेट के मैदान से दूर है. धोनी मैदान पर कब वापसी करेंगे, इसके बारे में अभी तक कोई जानकारी नहीं मिली है. जब धोनी से इस बारे में सवाल किया गया तो उन्होंने कहा था कि जनवरी तक उनसे इस बारे में कुछ भी ना पूछा जाए.